- जमुआ पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अजय कुमार झा ने दी नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं।
धान खरीद को लेकर जताई गहरी चिंता
जिला अररिया के अररिया प्रखंड अंतर्गत पंचायत जमुआ के पैक्स अध्यक्ष श्री अजय कुमार झा ने समस्त क्षेत्रवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर गहरी चिंता भी व्यक्त की।
श्री झा ने बताया कि इस वर्ष किसानों से धान खरीद की स्थिति अत्यंत निराशाजनक है। कुल धान उत्पादन के मुकाबले मात्र 2 प्रतिशत सीसी (खरीद लक्ष्य) ही कृषि पदाधिकारी एवं बीसीओ कार्यालय की ओर से निर्धारित किया गया है, जो किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष पैक्स द्वारा लगभग 6886 क्विंटल धान की खरीद की गई थी, जबकि इस वर्ष केवल दो से तीन लॉट धान खरीदने का ही आदेश प्राप्त हुआ है।
पैक्स अध्यक्ष ने कहा कि इस सीमित आदेश के कारण बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने से वंचित रह जाएंगे, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि धान खरीद को लेकर किसानों में गहरा आक्रोश व्याप्त है और वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
श्री अजय कुमार झा ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की आवाज़ सुनने वाला कोई नहीं है। सरकार और संबंधित विभागों की उदासीनता के कारण मेहनतकश किसान आज सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि धान खरीद की सीमा बढ़ाई जाए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके।
अंत में उन्होंने प्रशासन और सरकार से किसानों के हित में अविलंब ठोस कदम उठाने की अपील की।













Leave a Reply